कृषि सांख्यिकी को लेकर उदाकिशुनगंज प्रखंड कार्यालय में क्षमता वर्धन सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, फसल कटनी प्रयोग में पारदर्शिता पर दिया गया जोर

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। आज प्रखंड कार्यालय उदाकिशुनगंज में कृषि सांख्यिकी से संबंधित क्षमता वर्धन सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, मधेपुरा द्वारा उपस्थित कर्मियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को कृषि सांख्यिकी के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान फसल कटनी प्रयोग, द्रुत जिन्सवार, सामान्य जिन्सवार, भूमि उपयोग विवरणी, प्रक्षेत्र मूल्य सहित कृषि सांख्यिकी से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी गई। साथ ही सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर फसल कटनी प्रयोग पूरा करने का निर्देश दिया गया, ताकि कृषि उत्पादन से संबंधित आंकड़ों का संकलन सटीक एवं पारदर्शी तरीके से किया जा सके।


प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि प्रत्येक फसल कटनी प्रयोग में कम से कम पांच फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से लिए जाएं। सभी तस्वीरें वास्तविक स्थल पर की गई प्रक्रिया की स्पष्ट एवं सही होनी चाहिए। किसी भी परिस्थिति में फोटो से फोटो खींचकर अपलोड करना मान्य नहीं होगा।
जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कृषि सांख्यिकी के आंकड़ों की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पूरी ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ पालन करना आवश्यक है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि संबंधी आंकड़ों को अधिक सटीक, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाना तथा फसल कटनी प्रयोग की गुणवत्ता में सुधार लाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!