
जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला टेक्निकल टीम एवं प्रखंड टेक्निकल टीम अपर मुख्य सचिव के आदेश को धरातल पर उतारने में जुटे
मधेपुरा। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सी.के. अनिल के निर्देशों को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से मधेपुरा जिले में शिक्षा विभाग की ओर से लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में जिला टेक्निकल टीम एवं प्रखंड टेक्निकल टीम विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, अभिभावकों की सहभागिता और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रही है।
इसी कड़ी में मंगलवार को उदाकिशुनगंज प्रखंड के मध्य विद्यालय हरेली से वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी ने शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी में उपस्थित अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मधेपुरा जिला शिक्षा के क्षेत्र में राज्य में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। इस उपलब्धि को और आगे बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी जनआंदोलन बनाना जरूरी है।
शिक्षा विभाग की टेक्निकल टीम के सदस्य शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि अपर मुख्य सचिव सी.के. अनिल एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में मधेपुरा में शिक्षा की गुणवत्ता में और बेहतर सुधार होगा। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों, शिक्षकों और टेक्निकल टीम के आपसी समन्वय से सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

अनुमंडल पार्षद माध्यमिक शिक्षक संघ की श्रीमती अमृता कुमारी ने कहा कि संजय कुमार के पदस्थापन के बाद जिले की शिक्षा व्यवस्था में लगातार बेहतर प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। टेक्निकल टीम की सदस्य वंदना कुमारी ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के सहयोग से बच्चों को विद्यालय से जोड़ने और शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने की दिशा में सराहनीय काम हुआ है।
इस अवसर पर संजय क्रांति ने जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा विभाग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला अधिकारी बताया। प्रेमलता ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी शिक्षकों को परिवार की तरह मानते हुए आपसी समन्वय स्थापित कर शिक्षा व्यवस्था को स्वच्छ, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। मंजर आलम एवं अन्य सदस्यों ने भी उनके कार्यों की प्रशंसा की।

जिले में शिक्षा एवं वृक्षारोपण अभियान को गति देने में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रवि शास्त्री सहित जिला टेक्निकल टीम, सभी प्रखंड टेक्निकल टीम तथा संभाग प्रभारी जी. प्रकाश शर्मा के योगदान की भी सराहना की गई।
इस पहल को लेकर जनप्रतिनिधियों ने भी खुशी जाहिर की। बिहार विधान परिषद सदस्य नरेंद्र कुमार यादव एवं संजीव कुमार सिंह ने मधेपुरा की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे सकारात्मक बदलाव की सराहना की। बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि मधेपुरा की टेक्निकल टीम काफी मेहनती है और जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में बेहतर कार्य कर रही है।
बिहारीगंज के विधायक निरंजन कुमार मेहता ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार तथा जिला एवं प्रखंड टेक्निकल टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इनका प्रयास सामाजिक स्तर पर एक मिसाल कायम कर रहा है। वहीं राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी मधेपुरा शिक्षा विभाग की सक्रियता और मेहनत पर प्रसन्नता व्यक्त की। दिनेश चंद्र यादव ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी मधेपुरा में शिक्षा की अलख जगाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में संजय क्रांति, प्रेमलता, वंदना कुमारी, शैलेश कुमार चौरसिया, अमृता कुमारी, मंजर आलम, सुनील कुमार चौरसिया, विजय कुमार पासवान, कंचनमाला, मोनिका, रविंद्र कुमार, संजय दास, नीलेश कुमार, राधा किरण, हीरा, अलका, संकुल समन्वयक कुमार किशोर केसरी सहित अन्य शिक्षक एवं टेक्निकल टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा विभाग ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षा विभाग की टीम ने अभिभावकों एवं आम लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
