सुपौल। मंगलवार को माननीय सांसद दिलेश्वर कामैत एवं जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उर्वरक के परिचालन से संबंधित जिले के सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं एवं उर्वरक कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक के साथ समीक्षात्मक बैठक की गई।
बैठक में निर्देश दिया गया कि किसानों को रबी मौसम में सुगमतापूर्वक उर्वरक उचित मूल्य पर मिले। सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया गया कि सभी खुदरा विक्रेताओं द्वारा किसानों को सुगमता से उर्वरक सही मूल्य पर उपलब्ध कराया जाए।
जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि सभी खुदरा उर्वरक प्रतिष्ठानों पर कर्मी की प्रतिनियुक्ति कर उर्वरक वितरण का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जाएगा, विशेषकर नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में और अनियमितता पाए जाने पर नियमानुकूल कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में जिले में उर्वरक की उपलब्धता पर्याप्त है।


