सुपौल मंगलवार को रात्रि मेंपुलिस अधीक्षक, शरद आरएसके द्वारा विधि-व्यवस्था संधारण एवं यातायात नियंत्रण के उद्देश्य से संचालित वाहन जाँच अभियान का जायजा लिया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर वाहन जाँच की स्थिति एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने जाँच में लगे पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सख्ती के साथ-साथ शालीनता से वाहन जाँच करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वाहन जाँच का मुख्य उद्देश्य अपराध पर अंकुश लगाना, अवैध गतिविधियों को रोकना तथा आम लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने बिना हेलमेट, बिना कागजात एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं प्रभावी बनाया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


