1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान पहुँचने की अपील, राहुल गाँधी के नेतृत्व में लोकतंत्र और संविधान के रक्षा की लड़ाई होगी तेज, दिल्ली महारैली में जुटेंगे सुपौल के कांग्रेसजन: अनुपम

सुपौल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी के आह्वान पर आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को लेकर सुपौल जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। महारैली में जिले से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। महारैली की तैयारियों और अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर झारखंड विधायक दल के नेता राजेश कच्छप सुपौल पहुंचें।

सुपौल जिला कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह जिलाध्यक्ष अनुपम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं खिजरी विधायक राजेश कच्छप विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने महारैली की तैयारियों का जायजा लेने और सुपौल जिले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कमिटी के साथ संवाद किया।

सुपौल कांग्रेस कार्यालय पहुँचने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह सुपौल जिलाध्यक्ष अनुपम ने राजेश कच्छप का स्वागत किया। इस अवसर पर अनुपम जी ने उनका परिचय कराते हुए कहा कि राजेश कच्छप झारखंड विधानसभा में खिजरी सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने अपने परिश्रम, संघर्ष और जनसेवा के बल पर राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनका मार्गदर्शन सुपौल जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक है।

जिलाध्यक्ष अनुपम ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान केवल कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार की स्वतंत्रता और संविधान की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण जनअभियान है। लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और इस ताकत की रक्षा करना प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुपौल जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ दिल्ली महारैली में भाग लेंगे।

इस अवसर पर राजेश कच्छप ने जिलाध्यक्ष अनुपम सहित जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुपौल जिले से अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सुपौल में कांग्रेस की टीम मेहनती, सक्रिय और संगठन के प्रति समर्पित है। हाल के दिनों में सुपौल जिले में कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता और लोकप्रियता उत्साहजनक है। उन्हें पूरा विश्वास है कि सुपौल के कांग्रेसजन 1 नवंबर की महारैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान के संदेश को गाँव-गाँव और पंचायत-पंचायत तक पहुँचाएँ तथा 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएँ।

बैठक में दिल्ली महारैली में शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, अधिकाधिक भागीदारी और अभियान के संदेश को आम लोगों तक पहुँचाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

जिला कांग्रेस नेतृत्व ने भरोसा जताया कि सुपौल से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुँचकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प को मजबूती देंगे। जिला कमिटी ने सभी प्रखंड अध्यक्षों, प्रखंड प्रभारियों, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं से अपील किया है कि वे 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!