मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित, फेक न्यूज पर होगी कड़ी कार्रवाई

सुपौल। शनिवार को इंद्रवीर कुमार, उप विकास आयुक्त, सुपौल की अध्यक्षता में मीडिया मॉनिटरिंग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

उक्त बैठक में विकास कुमार कर्ण, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुपौल, श्री संजय कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, सुपौल, सर्वेश्वर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सुपौल, एवं गौरव गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक, साइबर सेल, सुपौल उपस्थित थे।

बैठक के दौरान मीडिया मॉनिटरिंग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त, सुपौल द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मीडिया में प्रकाशित एवं प्रसारित समाचारों तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं पर सतत निगरानी रखी जाए। भ्रामक, तथ्यहीन एवं अफवाह फैलाने वाली खबरों अथवा सूचनाओं के संज्ञान में आने पर नियमानुसार त्वरित आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक, साइबर सेल, सुपौल द्वारा बताया गया कि भ्रामक एवं तथ्यहीन खबरें प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया चैनलों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, ऐसे चैनलों का मोनेटाइजेशन बंद कराने हेतु भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक सूचनाओं के प्रसार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

उप विकास आयुक्त ने संवेदनशील फेक न्यूज / नकारात्मक न्यूज खबरों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा त्वरित कार्रवाई करने का निदेश संबंधित पदाधिकारी को दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!