सुपौल। शुक्रवार को जिलासमाहरणालय परिसर स्थित लहटन चौधरी सभागार में दशहरा, दुर्गा पूजा को लेकर विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित जिला शांति समिति के सम्मानित सदस्यों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
शांति समिति के सदस्यों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव एवं शांति बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।
जिला पदाधिकारी, सुपौल द्वारा बताया गया कि इस वर्ष दशहरा पर्व (दुर्गा पूजा), 2026 का आयोजन दिनांक 11.10.2026 से 20.10.2026 तक निर्धारित है। इस दौरान जिले में विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी, सुपौल एवं पुलिस अधीक्षक, सुपौल द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, भीड़-प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, पूजा पंडालों एवं जुलूसों के दौरान निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने, पूजा स्थल/समिति को अनिवार्यतः लाइसेंस लेने, समिति के कुछ सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपने, पंडाल और पूजा स्थल पर कैमरा का अधिष्ठापन करने, डीजे और ऑर्केस्ट्रा को पूर्णतः प्रतिबंधित करने, लाउड स्पीकर को निर्धारित सीमा में उपयोग करने, अफवाहों पर रोक लगाने, सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं के प्रति सतर्क रहने तथा आमजनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
जिला शांति समिति के सदस्यों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आम नागरिकों के बीच शांति, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश प्रसारित करें तथा प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि दशहरा पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, सुपौल, उप विकास आयुक्त, सुपौल, अपर समाहर्ता-सह-आपदा प्रबंधन, सुपौल, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सुपौल, अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारीगण, सभी पुलिस पदाधिकारीगण, संबंधित वरीय पदाधिकारी एवं जिला शांति समिति के सम्मानित सदस्यगण उपस्थित थे
