कोसी स्नातक निर्वाचन: नाम वापसी के बाद 15 प्रत्याशी मैदान में, 23 अक्टूबर को मतदान

सहरसा/सुपौल। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इनमें एक महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं। निर्वाचन क्षेत्र के 1.34 लाख मतदाता 23 अक्टूबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए 181 केंद्र बनाए गए हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी दिनेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रमंडलीय कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। आयुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान मतपत्र के माध्यम से वरीयता क्रम के आधार पर कराया जाएगा।

14 जिलों में फैला है निर्वाचन क्षेत्र

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, खगड़िया, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई और बांका सहित 14 जिले शामिल हैं। मतदान के लिए आयोग द्वारा निर्धारित 10 पहचान पत्रों में से कोई एक साथ रखना अनिवार्य होगा।

आयुक्त ने प्रत्याशियों और मतदाताओं से आदर्श आचार संहिता का पालन करने तथा भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की। निर्वाचन संबंधी जानकारी, सहायता और शिकायत के लिए नियंत्रण कक्ष का नंबर 06454-243198 जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!