थुमहा के छः युवकों की मौत पर अनुपम ने जताया गहरा शोक

  • शोकाकुल परिवारों से मिलकर दी सांत्वना, किया अविलंब जांच और मुवावजा की मांग

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सुपौल जिलाध्यक्ष अनुपम ने आज थुमहा पहुंचकर बीड़ी पुल हादसे में जान गंवाने वाले छह युवकों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त किया। इस हृदयविदारक घटना पर उन्होंने गहरा दुख जताते हुए कहा कि जिन घरों में एक दिन पहले तिलक समारोह की खुशियां थीं, वहां आज अपनों को खोने का असहनीय दर्द है। यह केवल छह परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की अपूरणीय क्षति और गहरा शोक का विषय है।

शोकाकुल परिजनों ने बताया कि प्रशासन की तरफ से अब तक उनसे मिलने कोई नहीं आया है। यह सुनते ही अनुपम ने प्रशासनिक अधिकारियों से बात करके जल्द से जल्द मृतकों के परिजनों से मिलने को कहा। प्रशासनिक अधिकारियों की तरफ से आश्वासन दिया गया कि वो आज ही शोकाकुल परिवारों से मिलकर मुआवजे की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे।

अनुपम ने मांग किया है कि बीड़ी पुल की संरचनात्मक स्थिति, पुल की रेलिंग और सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल तकनीकी जांच हो। उन्होंने कहा कि आखिर किन परिस्थितियों में एक वाहन पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में जा गिरा? क्या पुल की रेलिंग इतनी कमजोर थी कि वह वाहन का दबाव नहीं झेल सकी? यदि पुल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते, तो संभव है कि इस भयावह हादसे को टाला जा सकता था। प्रशासन को इन सवालों का जवाब देना होगा और अपनी जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करना चाहिए।

अनुपम ने कहा कि बिहार में सड़क और पुल हादसे अब लगातार लोगों की जान ले रहे हैं। सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर पुलों की गुणवत्ता, रखरखाव और सुरक्षा मानकों की निगरानी आखिर कौन कर रहा है? क्या हर बार इसी तरह किसी बड़े हादसे के बाद ही सत्ता प्रशासन जागेगी? आम नागरिकों की जान की कीमत सरकार के लिए इतनी कम क्यों है?

अनुपम ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से मांग किया कि मृतकों के सभी आश्रित परिवारों को निर्धारित सरकारी प्रावधानों के तहत अविलंब उचित मुआवजा एवं अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को केवल संवेदना और आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल आर्थिक सहायता, जवाबदेही और न्याय चाहिए। हादसे की निष्पक्ष जांच हो, लापरवाही सामने आए तो दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो तथा जिले के सभी पुराने और जर्जर पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अनुपम ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी केवल पुल बनवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन पुलों से सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना भी है। छह परिवारों के बुझ चुके चिरागों की जिम्मेदारी से सरकार और प्रशासन मुंह नहीं मोड़ सकते।

इस दौरान अनुपम के साथ कांग्रेस नेता टेकनाथ पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष राजनारायण प्रसाद गुप्ता, बिनोद चौधरी, ललित कामत, प्रेमनाथ झा, सुरेंद्र पांडे, मोहम्मद तनवीर, अमित झा समेत कांग्रेस के कई कार्यकर्ता साथ रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!