कोशी स्नातक निर्वाचन 2026 आयुक्त एवं प्रेक्षक ने किया वज्रगृह सह मतगणना केंद्र का निरीक्षण

23 अक्टूबर को मतदान, 27 अक्टूबर को मतगणना, चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुपालन का दिया निर्देश

पूर्णिया, 08 अक्टूबर 2026

बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा 23 अक्टूबर 2026 को मतदान (समय- प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक) की तिथि निर्धारित की गई है।

इसी कड़ी में बुधवार को निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त, पूर्णिया प्रमंडल श्री दिनेश कुमार, भा०प्र०से० एवं प्रेक्षक श्री प्रेम सिंह मीणा, भा०प्र०से० द्वारा संयुक्त रूप से वज्रगृह सह मतगणना केंद्र स्थल जिला स्कूल पूर्णिया परिसर में अवस्थित परीक्षा भवन का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी, पूर्णिया श्री अंशुल कुमार, भा०प्र०से० एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया डॉ० शौर्य सुमन, भा०पु०से० सहित सभी जिला स्तरीय एवं नोडल पदाधिकारी मौजूद थे।

ज्ञातव्य हो कि मतगणना की तिथि 27 अक्टूबर 2026 को जिला स्कूल परिसर, पूर्णिया में अवस्थित बिहार विद्यालय परीक्षा केंद्र में निर्धारित है।

निरीक्षण के क्रम में निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त महोदय द्वारा वज्रगृह एवं मतगणना केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था एवं तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया। मौके पर उपस्थित सभी वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए वज्रगृह एवं मतगणना केंद्र की सभी आवश्यक तैयारियां ससमय सुनिश्चित की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!