सुपौल। सुपौल टाउन हॉल में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुपौल के माननीय सांसद दिलेश्वर कामैत ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी वसीम अकरम एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तालेश्वर पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में माय भारत चयन समिति के सदस्य गिरीश जी एवं मिथिलेश जी तथा पूर्व चयन समिति सदस्य सुरेश जी एवं सुमन जी की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय सांसद दिलेश्वर कामैत ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नशे की प्रवृत्ति से बचकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान लोकगीत, नृत्य, गायन, चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं निबंध लेखन सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों की प्रतिभा का निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सरकारी विद्यालयों के संबंधित विषयों एवं विधाओं में दक्ष शिक्षकों को निर्णायक के रूप में नियुक्त किया गया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, रचनात्मकता, विषय की समझ तथा अभिव्यक्ति के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।
माय भारत सुपौल की ओर से कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, सुपौल एवं शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के सहयोग और समन्वय से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने में काफी सहायता मिली। विद्यालयों के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा को सकारात्मक दिशा प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया


