आधी रात को डीएम-एसपी का एक्शन, वाहन जांच से असामाजिक तत्वों में मचा हड़कंप
सुपौल। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार की देर रात जिला पदाधिकारी सावन कुमार एवं आरक्षी अधीक्षक शरथ आरएस स्वयं सड़क पर उतरकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
जब अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे, उस समय दोनों वरीय पदाधिकारियों ने शहर की सड़कों से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और वाहनों एवं राहगीरों की जांच कराई। रात के समय अचानक शुरू हुए इस अभियान को लेकर सड़क पर आने-जाने वाले लोगों में हलचल देखने को मिली। वाहन चालकों को रोककर उनके वाहनों एवं आवश्यक कागजात की जांच की गई। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश तथा रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना बताया गया। डीएम और एसपी के स्वयं सड़क पर उतरकर जांच अभियान का नेतृत्व करने से पुलिस एवं प्रशासनिक महकमे में भी सक्रियता देखने को मिली।
अभियान के दौरान प्रमुख सड़कों, संपर्क मार्गों और एनएच क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों की जांच की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन गंभीर है और रात के समय भी संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
डीएम एवं एसपी के संयुक्त रूप से किए गए इस नाइट चेकिंग अभियान को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


