संदिग्ध अवस्था में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

छातापुर (सुपौल)। थाना क्षेत्र के रानीपट्टी नहर के पास संदिग्ध अवस्था में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छातापुर पंचायत वार्ड-11 निवासी 35 वर्षीय सुलचन मुखिया के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रमोद झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटना की जानकारी पर एसडीपीओ त्रिवेणीगंज दिलीप कुमार भी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि छानबीन के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को बुलाया गया है।

परिजनों ने बताया कि सुलचन मुखिया कल सुबह करीब 10 बजे मजदूरी करने के लिए घर से निकला था, जो देर रात तक वापस नहीं लौटा। आज सुबह करीब 10 बजे नहर किनारे शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था।

परिजनों ने गमछे से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!