जनसमस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रशासन प्रतिबद्ध DM मधेपुरा ने जनसुनवाई में सुने गरीब परिवारों के 59 आवेदन

गरीब, असहाय और वंचित परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

मधेपुरा, 25 सितंबर वरदान न्यूज

समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में आज जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद परिवारों सहित आम नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित कुल 59 आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने सभी आवेदकों, विशेषकर गरीब परिवारों की भूमि, राशन, पेंशन, आवास, स्वास्थ्य एवं रोजगार से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ सुना।

उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि गरीब परिवारों के आवेदनों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित, प्रभावी एवं न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य कर रहा है। जनसुनवाई कार्यक्रम प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद है, जिसके माध्यम से वंचित वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।

जिला प्रशासन द्वारा आमजनों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और जनसहभागिता को निरंतर सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!