
बाबू वीर कुंवर सिंह की वीरगाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए होगा स्मृति संग्रहालय का कायाकल्प : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने भोजपुर जिले के जगदीशपुर स्थित बाबू वीर कुंवर सिंह स्मृति संग्रहालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में प्रदर्शित विभिन्न ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक सामग्रियों का अवलोकन किया तथा संग्रहालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह की वीरगाथा और देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनके गौरवशाली योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी उद्देश्य से बाबू वीर कुंवर सिंह स्मृति संग्रहालय का कायाकल्प किया जाएगा, ताकि यहां आने वाले लोगों को उनके जीवन, संघर्ष और ऐतिहासिक योगदान के बारे में बेहतर जानकारी मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संग्रहालय में आने वाले पर्यटकों के साथ-साथ शोधार्थियों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए। संग्रहालय को इस प्रकार विकसित करने पर जोर दिया गया, जिससे यह ऐतिहासिक एवं शोधपरक गतिविधियों के लिए उपयोगी केंद्र के रूप में अपनी भूमिका निभा सके।
