सुपौल में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक लाख रुपये से अधिक का काटा चालान

बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और ओवरलोडिंग करने वालों पर सख्ती, दीपावली और छठ को लेकर चौक-चौराहों पर बढ़ाई गई निगरानी

सुपौल।

दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस के निर्देश पर जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत यातायात पुलिस ने विभिन्न चौक-चौराहों पर वाहन जांच करते हुए एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना (चालान) काटा है।
यातायात थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण यादव ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दीपावली और छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती की गई है।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तथा क्षमता से अधिक लोड लेकर चलने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सामान या सवारी न रखें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और त्योहारों के दौरान सड़क सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!