
जीविका दीदियों ने खड़ा किया 1.36 लाख करोड़ का बाजार, बक्सर-भागलपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का नाम होगा ‘विश्वामित्र पथ’

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बक्सर जिले के चुरामनपुर स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में जीविका भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जिले के लिए करीब 92 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी सफलता और जीवन में आए बदलाव की कहानियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जीविका दीदियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से करीब 1.36 लाख करोड़ रुपये का बाजार खड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री ने बकरी के दूध की बिक्री को ‘सुधा’ के माध्यम से बढ़ावा देने तथा सब्जी उत्पादकों को सहकारिता से जोड़ने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बक्सर के ज्योति चौक के समीप कटहिया पुल से सोन नहर कैनाल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से नहर की वर्तमान स्थिति एवं उपयोगिता की जानकारी ली। नहर के आसपास प्रस्तावित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। बक्सर की कनेक्टिविटी को लेकर मुख्यमंत्री ने बक्सर से भागलपुर के बीच प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का नाम ‘विश्वामित्र पथ’ रखने की घोषणा की। प्रस्तावित मार्ग से बक्सर के साथ भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, जमुई और बांका सहित क्षेत्र के कई जिले बेहतर सड़क संपर्क से जुड़ेंगे।इससे पूर्व वामन द्वादशी के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बक्सर स्थित भगवान वामन मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने वामनेश्वर धाम के प्रस्तावित विकास कार्यों के ले-आउट प्लान की जानकारी भी ली तथा संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की।
