गांधी मैदान में गणेश महाआरती में उमड़ा आस्था का सैलाब, दीपों से जगमगाया पूरा परिसर

बनारस के विद्वानों ने कराई महाआरती, हजारों श्रद्धालु हाथों में दीप लेकर पहुंचे

सुपौल।

ऐतिहासिक गांधी मैदान में चल रहे गणेश महोत्सव के दौरान बुधवार को भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

बनारस से आए विद्वानों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ महाआरती संपन्न कराई गई। महाआरती को लेकर शाम से ही गांधी मैदान में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने घरों से दीप लेकर गांधी मैदान पहुंचे और दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान गणेश की आराधना की।

दीपों की रोशनी से पूरा गांधी मैदान जगमगा उठा। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

आयोजन समिति के अनुसार गणेश महोत्सव के तहत 24 सितंबर की रात भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, वहीं 25 सितंबर को भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इस अवसर पर मेला अध्यक्ष राम लखन चौधरी, उपाध्यक्ष उमेश चौधरी एवं नवीन कुमार, सचिव ललन कुमार, कोषाध्यक्ष बैजनाथ चौधरी,रामकुमार चौधरी सहित आयोजन समिति के सभी सदस्य एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से लगे रहे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गांधी मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी भीड़ और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए थे।

रिमझिम बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!