बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता आयुष्मान खुराना ने एशियन चैंपियनशिप की मौजूदा गोल्ड मेडलिस्ट मेघना सज्जनार को राइफल स्पॉन्सर करने का फैसला किया है। यह फैसला उन्होंने मेघना की राइफल से जुड़ी दिक्कतों के बारे में जानने के बाद किया है। आयुष्मान खुराना न तो सज्जनार से मिले थे और न ही उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते थे। फिर भी उनकी स्थिति के बारे में जानने के बाद उन्होंने उनकी राइफल स्पॉन्सर करने की पेशकश की।
इस मदद से एथलीट को वर्ल्ड-क्लास इक्विपमेंट मिला और उन्हें अपनी तैयारी से समझौता किए बिना ट्रेनिंग करने और कॉम्पिटिशन में हिस्सा लेने का मौका मिला। सज्जनार ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘वह मुझे नहीं जानते थे। हम कभी नहीं मिले थे। वह बस एक भारतीय एथलीट को ग्लोबल स्टेज पर जीतते हुए देखना चाहते थे। उस राइफल ने मेरे लिए मुकाबला बराबरी का बना दिया, जिससे मैं बिना किसी समझौते के ट्रेनिंग कर पाई, दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों का सामना कर पाई और आज जो हासिल किया है, वह कर पाई।’ हाल ही में मेघना सज्जनार ने कर्णी सिंह रेंज में हुई एशियन चैंपियनशिप में टीम इवेंट में गोल्ड और 10 मीटर एयर राइफल कैटेगरी में इंडिविजुअल ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने काहिरा में 2022 और 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी कुछ ब्रॉन्ज मेडल जीते थे। आपको बता दें कि आयुष्मान खुराना अपनी शानदार अदाकारी के अलावा लोगों की मदद करने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने महाराष्ट्र के जालना का दौरा किया था और वहां अधिकारियों से मुलाकात की थी। उन्होंने एक लड़की का पत्र पढ़ा था जिसमें बताया गया था कि असुरक्षित सड़कों की वजह से लड़कियां स्कूल छोड़ रही हैं। अभिनेता ने जिला कलेक्टर को इस बारे में एक पत्र लिखा और उम्मीद जताई कि समस्या का समाधान होगा।
