खारा-सुखासनी नहर पुल के समीप संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

* आलमनगर थाना क्षेत्र के खुरहान गांव का रहने वाला था मृतक आजाद सिंह

* शराब के नशे में होने की जताई जा रही आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज।

रिपोर्ट:-पुष्पम कुमार, ब्यूरो चीफ मधेपुरा।

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा):उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के बुधामा पुलिस कैंप अंतर्गत खारा-सुखासनी नहर के समीप शनिवार को एक 23 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। मृतक की पहचान आलमनगर थाना क्षेत्र के खुरहान वार्ड संख्या-07 निवासी दिनेश सिंह के पुत्र आजाद सिंह के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनाक्रम: दोपहर से भटक रहा था युवक स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों और किसानों के अनुसार, मृतक आजाद सिंह शनिवार को दोपहर से ही नहर के आसपास भटक रहा था। चश्मदीदों ने बताया कि वह अत्यधिक नशे की हालत में था। नहर पर मौजूद कुछ किसानों ने उसे समझा-बुझाकर घर जाने की सलाह भी दी थी, लेकिन नशे की लत और सुध-बुध खो चुके होने के कारण वह घर नहीं लौट सका। अंततः आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक नशे या थकान के कारण उसकी नहर के पास ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजाद सिंह शनिवार सुबह करीब 11 बजे खाना खाने के बाद घर से निकला था। आशंका है कि वह घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर झंडाटोल-सौतारी इलाके से देसी महुआ शराब पीकर लौट रहा था।युवक की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। लोगों ने तुरंत बुधामा पुलिस कैंप के प्रभारी विक्की रविदास को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही कैंप प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए अपने वरीय अधिकारियों को घटना से अवगत कराया।

मृत्यु के वास्तविक कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

— सुधाकर कुमार, थानाध्यक्ष, उदाकिशुनगंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!