सुपौल। युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव एवं जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा ने आज सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं आम जनता के साथ गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन परिसर में केंद्र सरकार के रेल मंत्रालय की कथित दोहरी नीति तथा सुपौल जिले के साथ हो रहे सौतेले व्यवहार के विरोध में एकदिवसीय जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान रेल चक्का जाम करने की घोषणा के बाद रेल प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर जल्द ही विचार किया जाएगा। रेल प्रशासन के इस आश्वासन के बाद लक्ष्मण कुमार झा ने रेल अधीक्षक महोदय के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर के नाम ज्ञापन समर्पित किया।
इस अवसर पर लक्ष्मण कुमार झा ने भाजपा सरकार एवं रेल मंत्रालय पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि सुपौल जिले के साथ रेल सुविधाओं के मामले में लगातार नाइंसाफी की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। सुपौल जिले के यात्रियों को आज भी बेहतर रेल सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेल मंत्रालय सुपौल जिले के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है, जो किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
लक्ष्मण कुमार झा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि रेल प्रशासन हमारी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है, तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा और रेल चक्का जाम करने का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि सुपौल जिले के लाखों रेल यात्रियों के हक, सम्मान और बेहतर रेल सुविधाओं की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन का सम्मान करते हुए फिलहाल आगे की कार्रवाई के लिए इंतजार किया जाएगा, लेकिन यदि मांगों को नजरअंदाज किया गया तो जनहित में आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।
हमारी प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं:
- वैशाली एक्सप्रेस: वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाए।
- हाट बाजार एक्सप्रेस: हाट बाजार एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन सुपौल रेलवे स्टेशन से प्रारंभ किया जाए।
- जोगबनी–सहरसा एक्सप्रेस: जोगबनी–सहरसा एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाए।
- पुरविया एक्सप्रेस: पुरविया एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन ललितग्राम, सरायगढ़ अथवा सुपौल रेलवे स्टेशन से स्थायी रूप से प्रारंभ किया जाए।
- रात्रिकालीन ट्रेन: क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ललितग्राम, सरायगढ़ अथवा सुपौल से गढ़ बरुआरी होते हुए पटना के लिए रात्रिकालीन अतिरिक्त ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाए।
- फुटओवर ब्रिज का निर्माण: गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए फुटओवर ब्रिज (पैदल ऊपरी पुल) का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए।
- एकमा रेलवे स्टेशन हॉल्ट: एकमा रेलवे स्टेशन हॉल्ट के प्लेटफॉर्म का ऊंचीकरण कराया जाए, ताकि यात्रियों को ट्रेन पर चढ़ने-उतरने में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
अंत में लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सुपौल जिले की जनता को उनका अधिकार दिलाना उनकी प्राथमिकता है। रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष, सेवा और प्रयास लगातार जारी रहेगा।
मौके पर उपस्थित:-
शिवकुमार सिंह, मिश्रीलाल सदा, सावित्री देवी, बाबा सिंह, शंकर सिंह, श्री सामोल झा, मोहम्मद मुस्ताक, मोहम्मद परवेज, मोहम्मद जाकिर, मोहम्मद सद्दाम, सुमन शाह, गंगा देवी, लाल देवी, रमन कुमार वर्मा आदि उपस्थित थे।

