सात दिन पहले लापता मजदूर का शव खैरदाहा नदी किनारे से बरामद

पिपरा (सुपौल)। थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है, जैसे लग रहा है लॉ एण्ड आर्डर नाम की चीज ही नहीं बची हो। लगातार एक के बाद एक घटनाएं लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है। अपराधियों में पुलिस का भय खत्म हो गया है, नतीजन आए दिन लोगों की सरेआम हत्याएं हो रही है।

ताजा मामला थाना क्षेत्र हटवरिया से सामने आया है जहां निर्मली पंचायत अंतर्गत हटवरिया वार्ड नंबर 15 निवासी करीब 50 वर्षीय उपेंद्र सादा उर्फ टीरन का शव मंगलवार को खैरदाहा नदी किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वह पिछले सात दिनों से लापता था। उनका शव हटवरिया वार्ड नंबर 12 के समीप नदी पुल से करीब 500 मीटर दूर मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार, उपेंद्र सादा सात दिन पहले मजदूरी करने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने पिपरा थाना में उनके लापता होने की लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। पुलिस को लिखित शिकायत कर खोजबीन की बात कही गई लेकिन पुलिस ने अनदेखी कर दिया जिसका नतीजा लापता मजदूर का शव के रूप में बरामद हुआ है। शायद समय रहते पुलिस मामले को गंभीरता से लेते तो एक गरीब की जान बचाई जा सकती थी। इधर मंगलवार को नदी किनारे उनका शव मिलने की सूचना मिली। हालांकि, उनकी मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच शुरू
शव मिलने की सूचना पर पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। शव से आ रही बदबू से लोगों ने अनुमान लगाया है कि घटना कई दिनों पहले घटित हुई है। टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, साइबर डीएसपी शौरभ गुप्ता ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।

पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
उपेंद्र सादा की मौत की खबर मिलते ही उनकी पत्नी रुकिया देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी ने बताया कि उनके पति सात दिन पहले मजदूरी करने के लिए कुम्हेट जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वह लापता हो गए। उन्होंने आशंका जताई कि उनके पति की हत्या कर शव नदी किनारे फेंका गया है। हालांकि, इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अपने पीछे छह बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। इनमें तीन बेटियां और एक बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी और एक बेटे की शादी अभी बाकी है। परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों के सामने दुखों के साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की वजह का जल्द खुलासा करने की मांग कर रहे हैं। थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया मृतक के परिजन द्वारा दिये आवेदन को लेकर पूर्व में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। पुलिस हरेक बिंदुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!