शिक्षक ने अपने वेतन से खरीदीं किताबें, जरूरतमंद छात्राओं को निशुल्क किया वितरित

आर्थिक तंगी से पुस्तक नहीं खरीद पा रही थीं इंटर की छात्राएं, भूगोल शिक्षक ओम प्रकाश सिंह की पहल से खिले चेहरे

औरंगाबाद जिले के रानी बृजराज कुमारी प्रोजेक्ट कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के भूगोल विषय के शिक्षक ओम प्रकाश सिंह ने जरूरतमंद छात्राओं की पढ़ाई में आर्थिक बाधा न आने देने के लिए अपने वेतन के पैसे से पाठ्य पुस्तकें खरीदकर उन्हें निशुल्क वितरित किया है।

बताया गया कि इंटरमीडिएट सत्र के तीन-चार महीने बीत जाने के बाद भी 11वीं और 12वीं कक्षा की कुछ छात्राएं आर्थिक कठिनाइयों के कारण आवश्यक पाठ्य पुस्तकें नहीं खरीद पा रही थीं। शिक्षक ओम प्रकाश सिंह लगातार छात्राओं को पुस्तक खरीदने के लिए प्रेरित कर रहे थे। विद्यालय के चेतना सत्र में भी इस संबंध में जानकारी दी जाती रही।

इस दौरान बातचीत में जब शिक्षक को पता चला कि कुछ छात्राओं के परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे पाठ्य पुस्तकें खरीद सकें, तो उन्होंने तुरंत उनकी मदद करने का निर्णय लिया। उन्होंने अपने वेतन के पैसे से किताबें खरीदीं और जरूरतमंद छात्राओं के बीच निशुल्क वितरित कर दीं।

पुस्तकें मिलने के बाद छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। शिक्षक की इस पहल ने न सिर्फ उनकी पढ़ाई की राह आसान की, बल्कि यह संदेश भी दिया कि एक संवेदनशील शिक्षक अपने विद्यार्थियों के भविष्य के लिए कितनी बड़ी भूमिका निभा सकता है।

शिक्षक ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि, “एक छोटी सी सहायता ने कई चेहरों पर मुस्कान ला दी। एक शिक्षक के लिए छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और उनका सुनहरा भविष्य सबसे महत्वपूर्ण होता है। समाज के लिए कार्य करना शुरू से ही मेरी पसंद का विषय रहा है।” 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!