लक्ष्मी बनी ब्यूटी क्वीन, जीता ‘मिस रीना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026’ का ताज

 कभी माओवाद प्रभावित रहे जमुई की बेटी लक्ष्मी भार्गव ने मॉडलिंग की दुनिया में जिले का नाम रोशन किया है। जिला मुख्यालय के हरनाहा निवासी उमाकांत सिंह और विभा देवी की पुत्री लक्ष्मी ने बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए मिस रीना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम किया है।

देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचीं प्रतिभागियों के बीच लक्ष्मी ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और शानदार प्रदर्शन से निर्णायकों को प्रभावित किया और विजेता का ताज हासिल किया।

गुजरात के अहमदाबाद स्थित ईकेए एरिना में आयोजित भव्य ग्रैंड फिनाले में लक्ष्मी को मिस रीना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 के ताज से नवाजा गया। खिताब जीतने के साथ ही लक्ष्मी के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच का रास्ता भी खुल गया है। वह वर्ष 2027 में बोलीविया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। खिताब जीतने के बाद लक्ष्मी ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए बेहद खास है। परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों के सहयोग ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अब उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की संस्कृति, आत्मविश्वास, खूबसूरती और मजबूती को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है। लक्ष्मी का मॉडलिंग तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा। करियर की शुरुआत में उन्हें सामाजिक सोच के साथ आर्थिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने मुश्किलों को अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया।

वर्ष 2021 में पटना में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने बेस्ट स्माइल अवॉर्ड हासिल कर अपने सफर की शुरुआत की। इसके बाद फरवरी 2022 में उन्होंने मिस बेतिया का खिताब जीता। इसी वर्ष वह मिस टीन इंडिया सुपरमॉडल भी बनीं।

वर्ष 2025 में लक्ष्मी ने मिस फेस आफ इंडिया का खिताब अपने नाम किया। इसी वर्ष मिस साउथ एशिया यूनिवर्स प्रतियोगिता में वह सेकंड रनर अप रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!