वरदान न्यूज / सुनील कुमार
पिपरा (सुपौल): पिपरा प्रखंड के थुमहा पंचायत स्थित वार्ड 9 में कायाकल्प योजना के तहत हो रहे सड़क निर्माण कार्य में घोर अनियमितताएं सामने आई हैं। जिस गांव में अभी छह युवाओं की सड़क हादसे में मौत का मातम पसरा हुआ है, उसी गांव में अब घटिया सड़क निर्माण को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।
बताया जा रहा है कि पंचायत के मुखिया दिनेश चौधरी के द्वारा कराए जा रहे इस कार्य में धड़ल्ले से लोकल बालू और घटिया सीमेंट का प्रयोग कर निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानक का बिल्कुल भी पालन नहीं किया जा रहा है। न तो बालू की गुणवत्ता सही है और न ही सीमेंट और गिट्टी का अनुपात सही रखा जा रहा है। बिना पानी छिड़काव और बिना सही ढलाई के ही सड़क बना दी जा रही है। लोगों को आशंका है कि यह सड़क कुछ ही दिनों में टूट जाएगी।
एक तरफ जहां पूरा गांव अररिया सड़क हादसे में मारे गए थुमहा के छह युवाओं की मौत का मातम मना रहा है, वहीं दूसरी ओर पंचायत के मुखिया सरकारी राशि का दुरुपयोग करने में लगे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब गांव शोक में डूबा है, तब भी घटिया निर्माण का खेल रुक नहीं रहा है। इससे लोगों के जख्म और गहरे हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब प्रशासन के लोग ही घटिया निर्माण को नहीं रोक रहे हैं, तो हमलोग शोक में डूबे हुए क्या करें। लोगों ने कहा कि कई बार मुखिया और कार्य कराने वाले लोगों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूर होकर ग्रामीणों ने इसकी शिकायत प्रखंड स्तर पर की है।
ग्रामीणों की मांग है कि इस सड़क निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। घटिया सामग्री को हटाकर मानक के अनुसार नए सिरे से निर्माण कराया जाए। साथ ही दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी राशि का दुरुपयोग न हो।
मामले को लेकर प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी मनीकान्त कुमार ने कहा कि घटिया निर्माण की जानकारी मिली है। मुखिया को काम रोकने और मेटेरियल बदलने के लिए कहा गया है। विभागीय जेई को योजना स्थल पर रहकर काम करवाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में अनियमितता पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
