पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) जितेंद्र राणा ने फतुहा-2 एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले खुशरूपुर, दनियावां और शाहजहांपुर थाना क्षेत्रों के लंबित कांडों एवं विभिन्न मामलों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों को सभी लंबित मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान आईजी ने फतुहा-2 के एसडीपीओ संजीव कुमार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रभावी नेतृत्व और नियमित मॉनिटरिंग के कारण अनुमंडल के तीनों थाना क्षेत्रों में लंबित मामलों की संख्या काफी कम है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर मामलों की समीक्षा और निगरानी से पुलिस कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आई है, जो सराहनीय है।
आईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, वारंट तामिला और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जाए। उन्होंने आम लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर भी बल दिया।
निरीक्षण के दौरान पटना ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुंदन कुमार, फतुहा-2 के एसडीपीओ संजीव कुमार, खुशरूपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार, दनियावां थानाध्यक्ष खुशबू खातून, शाहजहांपुर थानाध्यक्ष बमबम कुमार तथा फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
