दिनांक: 11 जुलाई 2026 वरदान न्यूज मधेपुरा।अनुदानित दर पर अपने घर की छतों पर लगाएं सोलर पैनल

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी सख्त, अधिकारियों एवं वेंडरों को दिए त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश

मधेपुरा जिला में संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना एवं बीपीएल परिवारों के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (ULA) की प्रगति की समीक्षा हेतु शनिवार को जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में दोनों योजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागीय अभियंताओं एवं अधिकृत वेंडरों को कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाली इन योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना प्रधानमंत्री की फ्लैगशिप योजनाओं में शामिल है। इस योजना के तहत उपभोक्ता अपने छायामुक्त आवासीय छतों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कर स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा के साथ बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत तथा निर्धारित शर्तों के अनुरूप मुफ्त बिजली का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से बीपीएल परिवारों से भी योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अनुरोध किया कि वे योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए अपने निकटतम विद्युत कार्यालय से संपर्क करें तथा सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ अवश्य प्राप्त करें।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री अनिल बसाक, विद्युत कार्यपालक अभियंता श्री राजीव रंजन, मेसर्स ओसवाल के प्रतिनिधि श्री रौशन गुप्ता सहित जिले के सभी सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता एवं अधिकृत वेंडर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!