

वरदान न्यूज । मधेपुरा
आज दिनांक 13 अप्रैल 2026 को जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन द्वारा स्व० बी०पी० मंडल की पुण्य तिथि के अवसर पर बस स्टैंड, मधेपुरा के समीप स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने स्व० बी०पी० मंडल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सामाजिक न्याय, समानता एवं समावेशी विकास का प्रबल समर्थक बताया। उन्होंने कहा कि स्व० मंडल ने पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा एवं उनके उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए, जिनका प्रभाव आज भी देश की सामाजिक संरचना में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्व० बी०पी० मंडल के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और उनके आदर्श हमें एक समतामूलक समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि हम सभी उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा समाज में समानता, भाईचारा एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अन्य अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भी पुष्प अर्पित कर स्व० बी०पी० मंडल को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा एवं सम्मान से ओत-प्रोत हो उठा।
