जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

वरदान न्यूज । मधेपुरा

जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा के पदाधिकारी कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया गया कि जिले में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
जिले में कुल 4,04,080 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जिनमें 2,78,661 उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़े हैं। दिनांक 11 अप्रैल 2026 को सिलेंडर की बिक्री 3774 रही, जबकि 12 अप्रैल 2026 को गोदामों में 18865 सिलेंडर उपलब्ध हैं। वर्तमान में घरेलू गैस की इस माह की औसत दैनिक खपत 4,705 सिलेंडर है तथा आज कमर्शियल गैस के 263 सिलेंडर उपलब्ध हैं।
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि जिले में किसी प्रकार की गैस की कमी नहीं है। सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं और केवल आवश्यकता होने पर ही गैस प्राप्त करें। उपभोक्ताओं की सुविधा एवं त्वरित समस्या समाधान हेतु जिला प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की सहायता या शिकायत के लिए दूरभाष संख्या 06476-222220 पर संपर्क किया जा सकता है। वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में मधेपुरा शहरी क्षेत्र में लगभग 1,500 घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है, जो सुरक्षित एवं किफायती है। इच्छुक उपभोक्ता इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट, वार्ड संख्या-20, घोष पथ, आजाद नगर स्थित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। सेल्स प्रबंधक श्री मुकेश कुमार (मोबाइल: 9953776423) से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। सिंघेश्वर प्रखंड के नगर पंचायत क्षेत्र के  वार्डों में भी पीएनजी की सतत आपूर्ति की जा रही है। पीएनजी, एलपीजी की तुलना में अधिक किफायती होने के कारण विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए लाभकारी विकल्प साबित हो रही है। जिला प्रशासन एवं खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा गैस आपूर्ति एवं वितरण प्रणाली की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। आम जनता से अपील है कि वे धैर्य बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें एवं प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!