
महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के निर्देशानुसार जिलाधिकारी, मधेपुरा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, मधेपुरा के सौजन्य से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण, जागरूकता रैली एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त अनिल बसाक, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी सीमा कुमारी तथा जिला कला-संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना कर किया गया। रैली में आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, महिला पर्यवेक्षिका तथा स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने महिलाओं का साथी 181, सहेंगे नहीं, कहेंगे, चुप्पी तोड़ेंगे, भ्रूण हत्या को न कहें जैसे नारों के माध्यम से महिला अधिकार एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में रंगकर्मी विकास कुमार के निर्देशन में और निखिल कुमार के नेतृत्व में सामाजिक सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय संस्था सृजन दर्पण समूह के कलाकारों द्वारा नारी शक्ति के नौ स्वरूपों की संदेश मूलक झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने आमजनों को विशेष रूप से प्रभावित किया। इस झांकी की प्रस्तुति में प्रतिभागी कलाकार तनु मुस्कान, मुन्नी कुमारी, नेंसी कुमारी, साक्षी कुमारी, राधिका कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, मनीषा कुमारी, अनुप्रिया कुमारी एवं रचना कुमारी ने प्रभावशाली अभिनय किया। कार्यक्रम के अंत में सभी शामिल प्रतिभागी कलाकारों को जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अनिल बसाक ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करते हुए उनकी सुरक्षा, समानता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

