सुपौल: सुरक्षित बचपन अभियान के तहत नोडल शिक्षकों की एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला आयोजित

सुपौल। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा परिकल्पित “सुरक्षित बचपन अभियान” के तहत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल राजेश कुमार बच्चन के मार्गदर्शन में शनिवार को कवच परियोजना-समग्र शिक्षण एवं विकास संस्थान, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल, जिला बाल संरक्षण इकाई के संयुक्त तत्वावधान में लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम 2012, बाल संरक्षण के विषय पर जिले के नोडल शिक्षकों की एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला सफलतापूर्वक आयोजित की गई।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ईश्वर चंद्र मिश्रा, पैनल अधिवक्ता शीलभद्र कुमार सिंह एवं कवच परियोजना से देबनाथ घोष द्वारा विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के पैनल अधिवक्ता शीलभद्र कुमार सिंह ने बच्चों को अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, समस्याएँ खुलकर साझा करने, निर्भीकता से अपनी बात रखने तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने हेतु प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के दौरान बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ईश्वर चंद्र मिश्रा, सदस्य श्रीमती अफसरी इलताफ, कौशलेन्द्र कुमार ने जे.जे. एक्ट, बाल कल्याण समिति की भूमिका, बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने बच्चों के हितों की रक्षा तथा सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

कवच परियोजना, समग्र शिक्षण एवं विकास संस्थान के देबनाथ घोष ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO), 2012 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने अधिनियम के उद्देश्य, प्रमुख नियमों, कानूनी प्रावधानों, विभिन्न प्रकार के लैंगिक अपराधों एवं उनके लिए निर्धारित दंड की जानकारी साझा की। साथ ही, उन्होंने बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, पीड़ित बच्चों के अनुकूल वातावरण, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया तथा बाल संरक्षण के प्रति सभी संबंधित हितधारकों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर समग्र शिक्षण एवं विकास संस्थान के परियोजना प्रबंधक प्रकाश कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार से सहायक सन्नी कुमार, जिला बाल संरक्षण इकाई से श्रवण कुमार, महिला एवं बाल विकास निगम से प्रतिभा कुमारी, नीतू कुमारी, कवच परियोजना से संगीता कुमारी, बिभास कुमार, नयन कुमार सिंह, रामविलाश कुमार, चन्दन पाठक एवं पारा विधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!