लंबित कांडों के निष्पादन को लेकर SDPO सदर सख्त, सिंहेश्वर एवं गम्हरिया थाना का किया निरीक्षण

अभिलेखों और अनुसंधान कार्यों की हुई समीक्षा, अनुसंधान कर्ताओं को समय-सीमा में का निष्पादन करने का निर्देश

वरदान न्यूज ब्यूरो | मधेपुरा

मधेपुरा। जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में SDPO सदर द्वारा सिंहेश्वर थाना एवं गम्हरिया थाना का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान थाना में संधारित विभिन्न अभिलेखों, पंजियों एवं दैनिक कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया गया। साथ ही लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान की प्रगति, लंबित बिंदुओं एवं कांडों के निष्पादन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई।

इस दौरान SDPO ने अनुसंधानकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित कांडों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। सभी अनुसंधानकर्ता साक्ष्यों का समुचित संकलन करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूरी करें, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

उन्होंने थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराध नियंत्रण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के माध्यम से थाना के कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और अनुसंधान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि लंबित मामलों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण को लेकर थाना स्तर पर निगरानी और जवाबदेही को मजबूत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!