
वरदान न्यूज सुपौल | ब्यूरो चीफ, राजीव रंजन |

सुपौल टाउन हॉल में राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ गुरुवार को दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन समारोह में जिला पदाधिकारी सावन कुमार, उप विकास आयुक्त हरिहर प्रसाद, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी, वरीय उप समाहर्ता अंजू कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जन सूचना पदाधिकारी तथा जिला कला, संस्कृति एवं युवा पदाधिकारी तारकेश्वर प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से कुल 297 बालिका खिलाड़ी, 9 दल प्रभारी तथा 15 तकनीकी पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। इस प्रकार प्रतियोगिता में कुल 321 लोगों की सहभागिता है। खिलाड़ियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं आवास की समुचित व्यवस्था की गई है। विभागीय निर्धारित दर के अनुसार प्रति प्रतिभागी प्रतिदिन 400 रुपये की व्यवस्था के तहत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

यह प्रतियोगिता 19, 20 एवं 21 नवंबर तक तीन दिनों तक आयोजित होगी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली चयनित खिलाड़ियों को आगे राज्य एवं अन्य उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करना सरकार एवं जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को आगे की प्रतियोगिताओं में भेजा जाएगा, जिससे वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले एवं राज्य का नाम रोशन कर सकें।

