सुपौल में राज्यस्तरीय बालिका कराटे प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, पहले दिन खिलाड़ियों ने जीते पदक

बिहार के नौ प्रमंडलों से 241 बालिका खिलाड़ी पहुंचीं सुपौल, अंडर-14, 17 एवं 19 वर्गों में होगा मुकाबला

वरदान न्यूज़ | सुपौल | ब्यूरो चीफ राजीव रंजन

सुपौल। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन सुपौल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सुपौल टाउन हॉल में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय विद्यालय अंतर प्रमंडल बालिका कराटे प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग की प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पदाधिकारी सावन कुमार, भा.प्र.से. ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह में विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, अपर समाहर्ता-सह-आपदा प्रबंधन पदाधिकारी मो. तारिक, अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल सदर मनोहर कुमार साहू, भूमि सुधार उप समाहर्ता संजीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता अंजू कुमारी एवं पुष्पा कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल सहित विभिन्न खेल संघों के सदस्य, शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों—पटना, तिरहुत, सारण, मगध, पूर्णिया, दरभंगा, मुंगेर, भागलपुर एवं कोसी—से कुल 241 बालिका खिलाड़ी और नौ टीम प्रभारी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 में आयोजित की जा रही है।

प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 आयु वर्ग के मुकाबले आयोजित हुए। विभिन्न प्रमंडलों से पहुंचीं खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कराटे की विभिन्न तकनीकों, आत्मरक्षा कौशल और दमदार खेल प्रदर्शन से खिलाड़ियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

पहले दिन पांच भार वर्गों में पदक विजेता घोषित

प्रतियोगिता के पहले दिन पांच भार वर्गों के मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

18 से 22 किलोग्राम भार वर्ग: पटना प्रमंडल की अद्रिशा शंकर ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि ईशा कुमारी ने रजत पदक जीता।

22 से 24 किलोग्राम भार वर्ग: मुंगेर प्रमंडल की अंजना गुप्ता ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पटना प्रमंडल की वैष्णवी को रजत पदक मिला।

24 से 26 किलोग्राम भार वर्ग: पटना प्रमंडल की आराध्या कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

26 से 30 किलोग्राम भार वर्ग: मगध प्रमंडल की अनामिका कुमारी ने स्वर्ण तथा मुंगेर प्रमंडल की सुबी कुमारी ने रजत पदक हासिल किया। वहीं पटना प्रमंडल की रश्मि कुमारी और पूर्णिया प्रमंडल की अयोना अन्ना को कांस्य पदक मिला।

30 से 34 किलोग्राम भार वर्ग: सारण प्रमंडल की अर्नवी सिन्हा ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि कोसी प्रमंडल की नैना राज ने रजत पदक हासिल किया।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता के आयोजन से सुपौल में खेल उत्साह का माहौल है। प्रतियोगिता बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और राज्यस्तर पर खेल कौशल विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है।

ब्यूरो चीफ राजीव रंजन की रिपोर्ट | वरदान न्यूज़, सुपौल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!