चेक बाउंस मामलों के निपटारे के लिए 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत, पक्षकारों को मिलेगा समझौते का अवसर

वरदान न्यूज चीफ ब्यूरो राजीव कुमार रंजन सुपौल।
सुपौल। चेक बाउंस से संबंधित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निष्पादन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के तत्वावधान में आगामी 21 नवंबर (शनिवार) को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन व्यवहार न्यायालय, सुपौल एवं अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय, बीरपुर में होगा। इसमें परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 138 के तहत दर्ज मामलों का आपसी सहमति से निष्पादन किया जाएगा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल श्री राजेश कुमार बच्चन ने कहा कि विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य चेक बाउंस से जुड़े मामलों का त्वरित, सरल एवं आपसी सहमति के आधार पर समाधान करना है। इससे पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलेगी और आपसी समझौते के माध्यम से विवाद समाप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने संबंधित पक्षकारों से विशेष लोक अदालत में भाग लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री अमित गौरव ने बताया कि विशेष लोक अदालत को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संबंधित मामलों के पक्षकारों को सूचना दी जा रही है, ताकि वे निर्धारित तिथि को संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर आपसी सहमति से अपने मामलों का निष्पादन करा सकें।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित एवं कम खर्चीले समाधान का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए आम नागरिकों को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल ने चेक बाउंस मामलों से जुड़े सभी पक्षकारों एवं आम नागरिकों से 21 नवंबर को आयोजित विशेष लोक अदालत में शामिल होकर इस अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है।
वरदान न्यूज | सुपौल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!