वरदान न्यूज | सुनील कुमार
पिपरा (सुपौल)।
पिपरा (सुपौल)। पिपरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मौतों से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। मंगलवार को थुमहा निवासी इंदु मंडल के पुत्र का शव नहर किनारे संदिग्ध अवस्था में मिलने और बुधवार देर रात थुमहा के छह लोगों की अररिया में सड़क हादसे में मौत होने की घटना के बाद अब पिपरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-9 में एक और संदिग्ध मौत सामने आई है। एक के बाद एक घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत पिपरा वार्ड नंबर-9 निवासी दीपनारायण मुखिया (55 वर्ष) की बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जाता है कि मौत के बाद करीब 22 घंटे तक शव घर में पड़ा रहा। गुरुवार देर रात पिपरा पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया।

मृतक के परिजनों ने पड़ोस की एक महिला पर जहरीली शराब पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
बताया जाता है कि बुधवार देर रात करीब आठ बजे दीपनारायण मुखिया की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पत्नी लीला देवी और पुत्र नीतीश कुमार ने पड़ोस की महिला पर जहरीली शराब पिलाने का आरोप लगाया है।
लगातार घटनाओं से लोगों में चिंता
पिपरा थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही मौतों ने लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। शराबबंदी के बावजूद यदि जहरीली शराब सेवन का आरोप सामने आता है, तो यह भी जांच का विषय है कि शराब कहां से और किस माध्यम से उपलब्ध हुई।
मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। पत्नी लीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के घर मातम पसरा है।
पुलिस कर रही जांच
इस संबंध में सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि पिपरा में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया है। घटना को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।
