कर्णपुर पंचायत में लगा सहयोग शिविर, डीएम और एसपी ने सुनीं आमलोगों की समस्याएं

कबीर अंत्येष्टि योजना के लाभार्थी को मिला चेक, दो लोगों को राशन कार्ड और एक को श्रम कार्ड वितरित

वरदान न्यूज | चीफ ब्योरो राजीव रंजन सुपौल।

सुपौल जिले के कर्णपुर पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिलाधिकारी सावन कुमार (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. (भा.पु.से.) ने भाग लेकर आमलोगों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों के बीच लाभ का वितरण किया।

इस दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना के तहत मंतोष कुमार को अनुदान राशि का चेक प्रदान किया। वहीं, दो लाभार्थियों को राशन कार्ड तथा एक लाभार्थी को श्रम कार्ड वितरित किया गया।

शिविर में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुपौल निशांत कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

पंचायत स्तर पर समस्याओं का समाधान शिविर का उद्देश्य

सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना भी शिविर की प्राथमिकता है। इस पहल से आमलोगों को सरकारी कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!