सुपौल सदर अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ युवा कांग्रेस ने उठाई आवाज, जिला पदाधिकारी को सौंपा मांग पत्र

वरदान न्यूज चीफ ब्योरो सुपौल राजीव रंजन

लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत पुराने पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले की मांग।
सुपौल।

बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव एवं जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा ने सुपौल सदर अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जिला पदाधिकारी, सुपौल को मांग पत्र सौंपा है।
इस दौरान लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सुपौल सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। अस्पताल में इलाज कराने आने वाले गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर समुचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है। अस्पताल में अव्यवस्था, लापरवाही एवं बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि जिला स्वास्थ्य पदाधिकारी सह सिविल सर्जन की कार्यशैली को लेकर भी कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का प्राथमिक दायित्व आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, लेकिन सदर अस्पताल की वर्तमान स्थिति इस जिम्मेदारी के विपरीत नजर आ रही है। मरीजों के इलाज एवं अस्पताल की व्यवस्था को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, न कि अन्य कार्यों को।
श्री झा ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के बंद रहने की शिकायतों पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा एवं पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी सीसीटीवी कैमरों को तत्काल चालू कराकर उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि सदर अस्पताल में लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत पुराने पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का नियमानुसार तबादला किया जाए। अस्पताल की बदहाल व्यवस्था की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों, नर्सों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो तथा मरीजों को 24 घंटे बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले। इसके साथ ही अस्पताल की साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, एसी एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए।
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सदर अस्पताल किसी अधिकारी या कर्मचारी की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि सुपौल जिले की लाखों जनता की जीवनरेखा है। यहां गरीब और जरूरतमंद लोग अपने बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं। ऐसे में मरीजों के जीवन और स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने जिला प्रशासन से अस्पताल की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण कराने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
अंत में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि शीघ्र ही सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था में सकारात्मक सुधार एवं मांगों पर कार्रवाई नहीं की जाती है, तो युवा कांग्रेस आम जनता के हित में चरणबद्ध एवं व्यापक जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इसकी पूरी जवाबदेही जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की होगी।
लक्ष्मण कुमार झा
बिहार प्रदेश सचिव, युवा कांग्रेस
अध्यक्ष, जन संघर्ष समिति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!