14 एवं 15 दिसंबर को होगा वीर लोरिक महोत्सव, आयोजन की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक

सुपौल।

वीर लोरिक महोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर मंगलवार को जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव के भव्य आयोजन, कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने तथा आमंत्रित किए जाने वाले अतिथियों के चयन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष वीर लोरिक महोत्सव का आयोजन 14 एवं 15 दिसंबर को किया जाएगा। महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही आयोजन में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित करने को लेकर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को महोत्सव की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आयोजन को गरिमामय एवं सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के सम्मानित सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!