वरदान न्यूज़ | सुपौल

सुपौल जिले में सूखे नशे को लेकर बढ़ी गंभीर चिंता, युवाओं के भविष्य पर मंडरा रहा खतरा

सुपौल संवाददाता – रितेश कुमार ठाकुर

सुपौल: सुपौल जिले में सूखे नशे का बढ़ता चलन अब एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है। गांव से लेकर शहर तक, हर जगह सूखे नशे का जाल धीरे-धीरे फैलता जा रहा है, जिसकी सबसे ज्यादा चपेट में युवा पीढ़ी आ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले नशा सिर्फ कुछ सीमित इलाकों तक था, लेकिन अब यह स्कूल-कॉलेज के आसपास, चौक-चौराहों और सुनसान जगहों पर भी आसानी से देखने को मिल रहा है। युवा इसका शिकार हो रहे हैं, जिससे उनका पढ़ाई, करियर और पूरा परिवार बर्बाद हो रहा है।

परिवारों में बढ़ी बेचैनी

सूखे नशे की लत के कारण कई घरों में झगड़े, चोरी और आर्थिक तंगी जैसी घटनाएं बढ़ने लगी हैं। माता-पिता अपने बच्चों के भविष्य को लेकर बेहद चिंतित हैं। कई अभिभावकों ने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों का कहना है कि अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करने और युवाओं को जागरूक करने की जरूरत है।

लोगों की मांग है कि पुलिस और प्रशासन मिलकर गांव-गांव में छापेमारी करे और नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे, ताकि सुपौल को नशा मुक्त बनाया जा सके।

फिलहाल सूखे नशे को लेकर जिले में चर्चा तेज है और हर कोई यही चाहता है कि इस गंभीर समस्या पर जल्द से जल्द लगाम लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!