सुपौल।
आगामी दीपावली, लोक आस्था के महापर्व छठ एवं अन्य पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय वेश्म में डीएम सावन कुमार एवं एसपी शरथ आरएस ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति तथा यातायात प्रबंधन को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी।
डीएम ने बताया कि दीपावली के अवसर पर पटाखों की बिक्री एवं भंडारण निर्धारित नियमों और वैध अनुज्ञप्ति के तहत ही किया जा सकेगा। इसके लिए अधिकतम 30 दिनों की अवधि के लिए अस्थायी लाइसेंस प्रपत्र (LE-5) जारी करने हेतु सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को प्राधिकृत किया गया है। उन्होंने संबंधित विक्रेताओं को निर्धारित मानकों एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया।
पर्व-त्योहारों के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान, ढाबा, स्ट्रीट फूड स्टॉल, कैंटीन सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अनधिकृत इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। संबंधित पदाधिकारियों को प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने तथा नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, सभी गैस एजेंसियों को नियमानुसार सिलेंडरों का वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की किल्लत का सामना नहीं करना पड़े।
6027 लोगों पर हुई निरोधात्मक कार्रवाई
एसपी शरथ आरएस ने दुर्गा पूजा एवं काली पूजा 2026 के दौरान 4 नवंबर तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई निरोधात्मक कार्रवाई का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि पर्व-त्योहारों में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई है। जिले के विभिन्न थानों में कुल 271 प्रस्ताव तैयार किए गए, जबकि बीएनएसएस की धारा 126 के तहत 6,027 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें से 2,183 लोगों को बॉन्ड डाउन कराया गया। इसके अलावा 64 डीजे जब्त किए गए तथा 170 डीजे संचालकों के विरुद्ध बॉन्ड डाउन की कार्रवाई की गई।
एसपी ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सभी थानाध्यक्षों को डायल-112 पर प्राप्त शिकायतों की प्रतिदिन समीक्षा करने और देर रात गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
छठ घाटों और बाजारों में रहेगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था
विधि-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को छठ घाटों तथा वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, पिपरा, निर्मली एवं त्रिवेणीगंज सहित जिले के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात सुचारु रखने तथा जाम की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से दीपावली, छठ एवं अन्य पर्व-त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही पटाखों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप एवं सुरक्षित तरीके से करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

