सुपौल में DM-SP ने रात में किया चेक पोस्टों का निरीक्षण, दीपावली-छठ को लेकर सुरक्षा के दिए सख्त निर्देश*

सुपौल | वरदान न्यूज

दीपावली एवं छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बृहस्पतिवार की रात्रि में जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत विभिन्न चेक पोस्टों पर पहुंचकर गश्ती की और सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान दोनों अधिकारियों ने चेक पोस्टों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद जवानों को पूरी सतर्कता, मुस्तैदी एवं जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निर्वहन करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप पुलिस को 24 घंटे सक्रिय एवं तत्पर रहना है। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी नागरिक को दिन हो या रात, कहीं भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में आम नागरिकों के लिए डायल 112 की आपातकालीन सेवा मात्र एक कॉल पर उपलब्ध है।

पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!