सुपौल में सेवा संकल्प अभियान के तहत विकसित भारत का संकल्प, डिग्री कॉलेज चौक से गांधी मैदान तक निकली रैली

सुपौल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत सुपौल में विकसित भारत के निर्माण को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित डिग्री कॉलेज चौक पर संकल्प अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों ने वर्ष 2047 तक भारत को सशक्त, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया। संकल्प के तहत नागरिकों ने अपनी ऊर्जा, प्रतिभा, ज्ञान और सामर्थ्य को राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित करने की प्रतिज्ञा ली। साथ ही बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान ज्ञान, नवाचार, प्रौद्योगिकी और रचनात्मकता के माध्यम से देश की चुनौतियों को अवसरों में बदलने पर जोर दिया गया। नागरिकों ने सत्यनिष्ठा, जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने की बात कही।

इसी अवसर पर डिग्री कॉलेज चौक से गांधी मैदान तक संकल्प ज्योति रैली भी निकाली गई। गांधी मैदान में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अलावा विलियम्स हाई स्कूल में भी रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कला के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को प्रस्तुत किया।

आयोजकों के अनुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन 17 अक्टूबर तक किया जाएगा।

इस मौके पर मौजूद रहे – छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र ऋषि देव, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष जयंत मिश्रा, भाजपा नेत्री रूबी जायसवाल, श्याम पोद्दार, महेश देव, सरिता झा, सुदेश यादव, रंजू झा, प्रकाश झा, राहुल झा, आलोक कुमार, विशाल कुमार मिश्रा एवं जिले के विभिन्न जगहों से आए हुए भाजपा कार्यकर्ता, युवा एवं महिलाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!