
जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार, भा०प्र०से० ने शनिवार को पूर्णिया जिला स्कूल परिसर स्थित बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के क्षेत्रीय कार्यालय सह परीक्षा केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने बीएसईबी द्वारा संचालित सुपर 50′ कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया तथा *कायाकल्प अभियान के तहत तैयार की गई अत्याधुनिक लाइब्रेरी का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुपर-50 के छात्रों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुपर-50 कार्यक्रम के तहत नामांकित छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए पूरी लगन और मेहनत से लक्ष्य प्राप्ति हेतु पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

कायाकल्प अभियान से बदली भवन की सूरत
उल्लेखनीय है कि जिला स्कूल का यह भवन पूर्व में अत्यंत जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। प्रशासन के कायाकल्प अभियान के अंतर्गत इसका जीर्णोद्धार कर इसे एक अत्याधुनिक लाइब्रेरी एवं अध्ययन केंद्र का रूप दिया गया है। यह केंद्र न केवल स्कूली विद्यार्थियों के लिए, बल्कि जिले के उन सभी युवाओं के लिए समर्पित है जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
अत्याधुनिक लाइब्रेरी की प्रमुख विशेषताएं –
- सीटिंग क्षमता: लाइब्रेरी में एक साथ 125 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था है। वर्तमान में 87 छात्रों का सफलतापूर्वक नामांकन हो चुका है।
- डिजिटल लर्निंग: डिजिटल पठन-सामग्री और ऑनलाइन अध्ययन संसाधनों के लिए 4 कंप्यूटर स्थापित किए गए हैं।
निःशुल्क नामांकन का अवसर: छात्रों की सुविधा को देखते हुए जिलाधिकारी ने 2 अक्टूबर 2026 तक लाइब्रेरी में प्रवेश और नामांकन पूर्णतः निःशुल्क रखने का आदेश दिया है।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लाइब्रेरी में सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, प्रकाश, इंटरनेट आदि गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित की जाए।
