सुपौल सदर थाना में नए थानाध्यक्ष के रूप में नंद किशोर नंदन ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने थाना क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन उनकी पहली प्राथमिकता होगी। किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाएगा।
नए थानाध्यक्ष नंद किशोर नंदन ने कहा कि आम जनता को न्याय दिलाना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखना और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी विशेष पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि थाना पहुंचने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा तथा उनकी समस्याओं का नियमानुसार समय पर समाधान किया जाएगा। अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के साथ ही आम लोगों को पुलिस से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।
नए थानाध्यक्ष के कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र के लोगों में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर उम्मीद जगी है। अब देखना होगा कि उनके नेतृत्व में सुपौल सदर थाना की कार्यप्रणाली में किस तरह का बदलाव देखने को मिलता है।

