प्रखंड प्रभारियों के साथ जिलाध्यक्ष की संगठनात्मक बैठक, छठ के बाद युद्धस्तर पर शुरू होगा दौरा
25 नवंबर तक संभावित पंचायत अध्यक्षों के नाम प्रस्तावित करने का निर्देश
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुपम ने संगठन निर्माण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में कांग्रेस संगठन को नए सिरे से मजबूत, सक्रिय और जवाबदेह बनाया जाएगा। इसके लिए पंचायत स्तर तक नए दायित्व सौंपे जाएंगे और संगठन में सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे आने का अवसर दिया जाएगा।
उक्त बातें उन्होंने सुपौल जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जिले के सभी 11 प्रखंड प्रभारियों की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कहा। बैठक में सभी प्रखंडों के अंतर्गत आने वाली पंचायतों की संगठनात्मक स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और पंचायत स्तर पर नए नेतृत्व के चयन को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
बैठक में अनुपम ने सभी प्रखंड प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे छठ पूजा के बाद युद्धस्तर पर अपने-अपने प्रभार वाले प्रखंडों की पंचायतों का दौरा शुरू करें। प्रत्येक पंचायत में सक्रिय, समर्पित, कर्मठ एवं जनसरोकार से जुड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चिह्नित कर संभावित पंचायत अध्यक्षों के नाम प्रस्तावित करें। सभी प्रभारियों को 25 नवंबर तक संभावित पंचायत अध्यक्षों की सूची जिलाध्यक्ष को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
अनुपम ने कहा कि कांग्रेस को केवल जिला एवं प्रखंड स्तर तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि गांव-गांव और पंचायत-पंचायत तक संगठन की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करनी है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक पंचायत में ऐसा नेतृत्व तैयार हो, जो आम जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाए और कांग्रेस की विचारधारा एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचाए।
उन्होंने कहा कि संगठन निर्माण केवल पदों का बंटवारा नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को सम्मान, जिम्मेदारी और अवसर देने की सशक्त प्रक्रिया है। मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को मजबूती से उठाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने में सक्षम होता है।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष राज नारायण प्रसाद गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश मिश्र, एडवोकेट रामलखन प्रसाद यादव, शत्रुघ्न प्रसाद चौधरी, शाहिद खां, डॉ. विश्वनाथ सराफ, भुवनेश्वर यादव, ललित कामत, अभय तिवारी, सतेंद्र कुमार चुनचुन प्रमुख रूप से शामिल थे।
अनुपम ने सभी प्रखंड प्रभारियों से संगठन निर्माण के कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर संगठन का विस्तार कांग्रेस की भावी राजनीतिक एवं सांगठनिक गतिविधियों का मजबूत आधार बनेगा।
जिले के सभी प्रभारियों ने जिलाध्यक्ष अनुपम को भरोसा दिलाया कि पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन के कार्य को सम्पन्न किया जाएगा।


