सुपौल। मंगलवार को समाहरणालय, सुपौल में जिला पदाधिकारी सावन कुमार के द्वारा नशा मुक्ति अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु नुक्कड़ नाटक वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस वाहन के माध्यम से जिले के सभी प्रखंडों के महादलित टोलों में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर आमजनों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य जन-जन तक नशा मुक्ति का संदेश पहुँचाना तथा नशामुक्त बिहार के निर्माण के लिए लोगों को जागरूक एवं प्रेरित करना है।
इस अवसर पर अनिरुद्ध प्रसाद यादव, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सुपौल, संजय कुमार, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, सुपौल एवं जिला जन सम्पर्क कार्यालय, सुपौल के कर्मी उपस्थित थे।


