
निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल के अनुपालन पर दिया गया विशेष जोर, मशीनों का हुआ भौतिक सत्यापन
मधेपुरा। (वरदा न्यूज)
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप बुधवार को मधेपुरा जिला स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया गया।


निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण, वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन की नियमित एवं प्रभावी समीक्षा सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस की समग्र सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, विद्युत व्यवस्था, सीलिंग व्यवस्था, लॉग बुक तथा विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों के संधारण की गहनता से जांच की गई।
ईवीएम-वीवीपैट का भौतिक सत्यापन
निरीक्षण के क्रम में वेयर हाउस में संधारित ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। भौतिक रूप से उपलब्ध मशीनों का संबंधित अभिलेखों एवं पंजियों में दर्ज विवरण से मिलान किया गया।
इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही वेयर हाउस की सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने, सीसीटीवी की नियमित निगरानी तथा सभी पंजियों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन द्वारा ईवीएम-वीवीपैट के सुरक्षित भंडारण तथा निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
