राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआइ) की पटना क्षेत्रीय इकाई ने पटना जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.712 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 2.707 करोड़ रुपये बताई गई है।
खास बात यह रही कि सोने को आरोपित ने दोनों पैरों में बंधे कपड़े के नी-कैप के भीतर छिपा रखा था। डीआरआइ ने सोने की तस्करी और अवैध परिवहन के आरोप में एक व्यक्ति को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया है।
डीआरआइ को सूचना मिली थी कि कूचबिहार से नई दिल्ली जा रही ट्रेन संख्या 15658 ब्रह्मपुत्र मेल में एक पुरुष यात्री विदेशी मूल का सोना लेकर सफर कर रहा है।
सूचना के आधार पर पटना क्षेत्रीय इकाई के अधिकारियों ने ट्रेन के पटना पहुंचने पर कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने ट्रेन की अत्यधिक भीड़भाड़ वाली 10 जनरल बोगियों में गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान संदिग्ध यात्री की पहचान की गई और उसे पटना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारा गया। इसके बाद उसकी व्यक्तिगत तलाशी ली गई।
व्यक्तिगत तलाशी के दौरान डीआरआइ अधिकारियों को यात्री के दोनों पैरों में बंधे कपड़े के नी-कैप के भीतर सोना छिपा मिला। वहां से विदेशी मूल के 15 सोने के बिस्कुट और चार छोटे कटे हुए टुकड़े बरामद किए गए।
