
दीपावली से पहले दुरुस्त होंगी जरूरी आधारभूत सुविधाएं
30 नवंबर तक पंचायत स्तर के छोटे विकास कार्य पूरे करने का मुख्यमंत्री ने दिया निर्देश

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘कायाकल्प पोर्टल’ का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक सुविधाओं एवं परिसंपत्तियों का उन्नयन, स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि कायाकल्प पोर्टल के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की निगरानी में तेजी आएगी तथा आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। पोर्टल पर संबंधित विभागों की योजनाओं की प्रगति, कार्यों की पूर्णता एवं अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध रहेंगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि दीपावली से पहले आवश्यक आधारभूत संरचनाओं को दुरुस्त किया जाए तथा 30 नवंबर तक पंचायत स्तर के सभी छोटे-छोटे विकास कार्य पूरे किए जाएं। उन्होंने विद्यालयों की रंगाई-पुताई, आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं छात्रावासों के लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा।
उन्होंने मंत्रीगण को कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के सफल क्रियान्वयन से छोटे-छोटे विकास कार्यों का तेजी से निष्पादन होगा और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
